Haryana Latest News : हरियाणा मुख्यमंत्री का बड़ा एलान, स्कूलों में होगा भगवद गीता का पाठ

हरियाणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल

हरियाणा में अगले एकेडमिक ईयर से राज्य के स्कूलों में भगवद गीता के श्लोकों का पाठ करना सिखाया जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में इसका एलान किया है।मनोहर लाल ने कहा कि गीता के श्लोक पांचवीं और सातवीं कक्षाओं के पाठ्यक्रम का हिस्सा होंगे। वहीं गीता महोत्सव कार्यक्रम में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी शिरकत की।

युवा गीता का सार अपने जीवन में उतारे

गीता महोत्सव के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि युवाओं को गीता का सार अपने जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि गीता में हम सभी के लिए संदेश दिया गया है। इसके अलावा उन्होंने वार्षिक अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को व्यापक स्तर पर ले जाने की भी घोषणा की। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि ज्योतिसार में ‘गीतास्थली’ पर दो एकड़ भूमि पर 205 करोड़ रुपये की लागत से महाभारत थीम पर एक म्यूजियम बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक अगले साल से रामलीला की तरह अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान कृष्ण उत्सव भी आयोजन किया जाएगा। 

भगवद गीता स्वतंत्रता सेनानियों के लिए एक प्रेरणास्रोत
हरियाणा सीएम मनोहर लाल के अनुसार करीब छह दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं को झांकी के जरिए से दर्शाया जाएगा। सीएम मनोहर लाल ने बताया कि इसमें एक लाइट साउंड शो भी किया जाएगा। साथ ही उन्होनें कहा कि भगवद गीता देश के स्वतंत्रता सेनानियों के लिए भी एक प्रेरणा का स्रोत है|