राहुल गांधी द्वारा बनाए गए डेस्क पर बैठेंगे विकलांग छात्र

दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि कांग्रेस पार्टी ने सांसद राहुल गांधी द्वारा तैयार किया गया डेस्क दिल्ली में विकलांगों के लिए बनाए गए प्रमिला बाई चव्हाण स्कूल को दान करने का एलान किया है जहां इस स्कूल में पढ़ने वाले विकलांग छात्र इस डेस्क पर बैठेंगे।

अरविंदर सिंह लवली ने संभाला दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) के नवनियुक्त अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने बृहस्पतिवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया।.

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी को फिर से खड़ा करना और इसके संगठनात्मक ढांचे को ठीक करना उनकी पहली प्राथमिकताओं में से एक है।.

लवली के पदभार ग्रहण करने के अवसर पर कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी दीपक बाबरिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय मकान, सुभाष चोपड़ा, जयप्रकाश अग्रवाल और अनिल चौधरी मौजूद थे।.

लवली ने कहा, ‘‘मैं आलाकमान की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। मैं सभी को आश्वस्त करता हूं कि हम पार्टी को मजबूत करने के लिए हर कार्यकर्ता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे।’’. लवली को गत 31 अगस्त को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।.

शीला दीक्षित की सरकार में बतौर मंत्री कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभालने वाले 54 वर्षीय लवली इससे पहले दिसंबर 2013 से फरवरी 2015 तक दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

लवली को कांग्रेस नेतृत्व ने ऐसे समय दिल्ली प्रदेश की कमान सौंपी है जब पार्टी राष्ट्रीय राजधानी में अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस को दिल्ली में हुए पिछले दो विधानसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली।

अध्यक्ष के तौर पर लवली के सामने सबसे बड़ी चुनौती दिल्ली में कांग्रेस के खोये जनाधार को वापस हासिल करने की होगी। इसके साथ ही उनके सामने एक और चुनौती लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ तालमेल की गुंजाइश बनाए रखने की भी होगी।

लवली पूर्वी दिल्ली के गांधीनगर विधानसभा क्षेत्र से 1998 से 2013 तक लगातार विधायक रहे। वर्ष 2003 से 2013 तक शीला दीक्षित की सरकार में वह मंत्री रहे। उन्होंने शिक्षा, परिवहन, शहरी विकास और राजस्व जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली।